AKBM Newsताज़ा खबरें देशशख़्सियत

शहीद पांडेय गणपत राय

उन्होंने ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के नेतृत्व में आजादी के दीवानों के सेनापति के रूप में काम किया और छोटानागपुर में अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिला दी थीं

भारतवर्ष की आजादी की लड़ाई में झारखंड के सैकड़ों सपूतों ने अपना उल्लेखनीय योगदान दिया था और शहीद भी हुए थे। इन शहीदों में पांडेय गणपत राय भी थे, जिनका नाम बड़े गर्व से याद किया जाता है। उन्होंने ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के नेतृत्व में आजादी के दीवानों के सेनापति के रूप में काम किया और छोटानागपुर में अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिला दी थीं।
देश प्रेमी पांडेय गणपत राय का जन्म ग्राम भौंरो में १७ जनवरी १८०९ को हुआ था। बचपन से ही वह कुशाग्र बुद्धि के थे। उनके भीतर देश भक्ति का अंकुर बाल्यावस्था में ही फूट चुका था। वे अपनी कल्पना और सोच को वास्तविकता में परिणत करने के लिए सदा प्रयत्नशील रहे। तलवार चलाना और शिकार खेलना उनका शौक था। जीवन के १५ वें साल में उनके साथ अजीब घटना हुई। वह अपने चाचा के साथ एक बारात में गए थे। जनवासा में जब शराती और बारातियों के बीच बहस होने लगी, तब इन्हें ही बारातियों की ओर से बहस के लिए आगे कर दिया गया। इनकी तर्क क्षमता से लोग इतने प्रभावित हुए कि लड़की वालों ने वहीं उनका तिलक कर दिया और उसी मंडप में विवाह भी कर दिया। अपने चाचा के निधन के बाद ये पालकोट के दीवान बन गए। इन्होंने अपनी जमींदारी का मुख्यालय पांतिया में रखा।
दीवान बनने के बाद इनकी ख्याति काफी बढ़ गई। दोस्त के साथ दुश्मनों की संख्या भी बढ़ी, जो बाद में इनकी मौत का कारण भी बना। मिलनसार होने की वजह से साधारण लोगों में ये काफी लोकप्रिय थे।१८५७ में इन्होंने १० मई को स्वतंत्रता संग्राम की पहली गोली चलाई। इसका धुंआ बवंडर बनकर पूरे भारत में छा गया। ३० जुलाई १८५७ को आठवीं पैदल सेना ने हजारीबाग में विद्रोह कर दिया। उसी समय रांची में भी सिपाही विद्रोह हो गया। पहली अगस्त को डोरंडा छावनी में सिपाहियों ने बगावत कर दी। विद्रोह की आग ने पांडेय गणपत राय को इतना प्रभावित किया कि वे भी इसमें कूद पड़े। विद्रोहियों को नेता की जरूरत थी। वे नेता बन गए । इसके बाद वे लगातार आंदोलन में रहे। इसी क्रम में अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और फांसी दे दी।
अमर शहीद बलिदानी शहीद गणपत राय की जन्मशती के अवसर इन्हें नमन एवं श्रद्धांजलि

Related Articles

Back to top button